Home / Uttarakhand / महिला आरक्षण पर देहरादून में सियासी घमासान, पोस्टकार्ड अभियान पर BJP-कांग्रेस आमने-सामने

महिला आरक्षण पर देहरादून में सियासी घमासान, पोस्टकार्ड अभियान पर BJP-कांग्रेस आमने-सामने

देहरादून: महिला आरक्षण के मुद्दे पर उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पोस्टकार्ड भेजकर आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मौजूदा सीटों पर 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने की मांग उठाई है।
ज्योति रौतेला ने कहा कि यह अभियान सिर्फ उत्तराखंड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे देश की महिलाएं प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर अपनी मांग रखेंगी। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड से करीब एक लाख महिलाएं इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड भेज रही हैं, ताकि महिला प्रतिनिधित्व को बढ़ावा मिल सके। वहीं इस पूरे मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए सवाल उठाए हैं। भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री को पत्र लिखना अच्छी पहल है, लेकिन जिन तस्वीरों को साझा किया गया उनमें केवल कुछ महिलाएं ही नजर आ रही हैं, जबकि लाखों पत्र भेजने का दावा किया जा रहा है। दीप्ती रावत ने आगे कहा कि कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता अपनी बात प्रधानमंत्री तक जरूर पहुंचाएं, लेकिन साथ ही अपने शीर्ष नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को भी यह बताएं कि महिला आरक्षण कितना जरूरी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने पहले महिला आरक्षण बिल का विरोध किया था। इस बयानबाजी के बाद राज्य में महिला आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। अब देखना होगा कि यह पोस्टकार्ड अभियान सियासी असर डालता है या नहीं, लेकिन इतना तय है कि आने वाले चुनावों से पहले यह मुद्दा और ज्यादा गर्माने वाला है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *