Home / Uttarakhand / माँ कालिंका देव डोली मंदिर का आठवाँ वार्षिक उत्सव सम्पन्न, डॉ. प्रीतम भरतवाण के जागरों से भक्तिमय हुआ माहौल

माँ कालिंका देव डोली मंदिर का आठवाँ वार्षिक उत्सव सम्पन्न, डॉ. प्रीतम भरतवाण के जागरों से भक्तिमय हुआ माहौल

देहरादून, 26 जून। राजधानी देहरादून स्थित माँ कालिंका देव डोली मंदिर में शुक्रवार को आठवाँ वार्षिक उत्सव श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सुबह से लेकर देर शाम तक पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, विशेष जागरण और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माँ कालिंका का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध जागर सम्राट डॉ. प्रीतम भरतवाण, सामाजिक कार्यकर्ता बीर सिंह पंवार तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

माँ कालिंका देव डोली मंदिर के पीठाधीश एवं उपासक परमजीत नेगी ने बताया कि वार्षिक उत्सव के अवसर पर डॉ. प्रीतम भरतवाण को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। उन्होंने अपने पारंपरिक और भावपूर्ण जागरों की प्रस्तुति से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु देर तक जागरों का आनंद लेते रहे और माँ कालिंका के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।

कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि माँ कालिंका की कृपा से उनके जीवन की कई वर्षों पुरानी परेशानियों का समाधान हुआ है तथा उन्हें मानसिक शांति और जीवन में स्थिरता प्राप्त हुई है।

आयोजक माँ कालिंका देव डोली ट्रस्ट ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी परिवारों, स्थानीय नागरिकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। स्थानीय श्रद्धालुओं ने कहा कि यह वार्षिक उत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और उत्तराखंड की लोक-सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। डॉ. प्रीतम भरतवाण की प्रस्तुति ने विशेष रूप से युवाओं को भी लोकसंस्कृति से जोड़ने का कार्य किया।

पिछले आठ वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा माँ कालिंका देव डोली मंदिर का यह वार्षिक उत्सव क्षेत्र की लोक-धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण आयोजन बन चुका है। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद सोबत सिंह रमोला, केदारपुर पार्षद दर्शन लाल बिंजोला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *