Home / Uttarakhand / राहुल गांधी के सैनिक संवाद पर अजय कोठियाल का हमला, बोले- सेना से सबूत मांगने वाले अब पूर्व सैनिकों से संवाद करने आ रहे हैं

राहुल गांधी के सैनिक संवाद पर अजय कोठियाल का हमला, बोले- सेना से सबूत मांगने वाले अब पूर्व सैनिकों से संवाद करने आ रहे हैं

देहरादून।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। राहुल गांधी आगामी दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंच रहे हैं, जहां वे पौड़ी गढ़वाल में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होंगे और पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे।

राहुल गांधी के इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उत्तराखंड राज्य पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता कर्नल अजय कोठियाल ने राहुल गांधी के दौरे को पूरी तरह चुनावी राजनीति से प्रेरित बताया है।

कर्नल कोठियाल ने कहा कि पौड़ी गढ़वाल वीर सैनिकों की भूमि है, जिसने देश को भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत जैसे जांबाज सैन्य अधिकारी दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने कई मौकों पर भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवाल खड़े किए हैं तथा सेना से सबूत मांगने जैसे बयान दिए हैं।

उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी पूर्व सैनिक सम्मेलन के माध्यम से सैनिकों और पूर्व सैनिकों को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। कर्नल कोठियाल ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को पूर्व सैनिकों को बरगलाने के बजाय उत्तराखंड कांग्रेस में चल रही अंतर्कलह और गुटबाजी को समाप्त करने पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता और पूर्व सैनिक समाज देशहित के मुद्दों को अच्छी तरह समझता है और किसी भी प्रकार के राजनीतिक भ्रम में आने वाला नहीं है। राहुल गांधी के दौरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में और अधिक चर्चा का विषय बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *