देहरादून:
गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडे के नाम से वायरल हुए एक कथित पत्र ने प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी है। इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए विधायक ने देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर वायरल पत्र को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनके नाम से प्रसारित किया जा रहा पत्र सत्य से कोसों दूर है और इसमें लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सब राजनीतिक साजिश का हिस्सा हो सकता है, जिसका मकसद भाजपा की छवि को नुकसान पहुंचाना है।
वायरल पत्र में उत्पीड़न और अनदेखी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे, जिसे लेकर विपक्षी दलों ने भाजपा को घेरने की कोशिश की थी। हालांकि, इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पांडे ने कहा कि उन्हें पार्टी और संगठन में पूरा सम्मान मिल रहा है और वे पूरी मजबूती के साथ भाजपा के साथ खड़े हैं।
उन्होंने यह भी साफ किया कि उन्होंने किसी भी प्रकार की शिकायत प्रधानमंत्री तक नहीं पहुंचाई है। साथ ही जब इस मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी निर्णय लेगी, वह उनके लिए सर्वोपरि होगा।
राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हैं, वहीं भाजपा इसे विपक्ष की साजिश करार दे रही है। चुनावी माहौल के बीच इस तरह के मामलों का सामने आना सियासत को और गर्मा रहा है।








