उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में ‘श्रमिक सेवा’ मोबाइल एप का लोकार्पण किया। इस ऐप के जरिए प्रदेश के श्रमिकों को अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनके कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एप श्रमिकों को स्थानीय जरूरतों के अनुसार कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे श्रमिकों को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे और उन्हें बाहर पलायन करने की आवश्यकता कम होगी। श्रमिक सेवा’ ऐप के माध्यम से श्रमिक अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे और सरकार उनकी स्किल प्रोफाइल के अनुसार प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगी। यह पहल राज्य में श्रमिकों के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे आधुनिक तकनीक और कौशल के साथ अपने जीवन स्तर को बेहतर बना सकें। इसके साथ ही राज्य में उद्योगों और स्थानीय जरूरतों के अनुसार स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा दिया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस तरह की डिजिटल पहल से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।










