Home / Uttarakhand / सीएम धामी का सख्त एक्शन: शिकायत पर खुद पहुंचे जाखन, वीडियो कॉल पर अफसरों को दिखाई जमीनी हकीकत

सीएम धामी का सख्त एक्शन: शिकायत पर खुद पहुंचे जाखन, वीडियो कॉल पर अफसरों को दिखाई जमीनी हकीकत

देहरादून में जन समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का अलग ही अंदाज़ देखने को मिला। सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज एक शिकायत की समीक्षा करने के बजाय मुख्यमंत्री ने खुद मौके पर पहुंचकर जमीनी हकीकत का जायजा लिया। दरअसल, देहरादून के जाखन निवासी विवेक मदान ने राजपुर रोड पर विद्युत लाइन को अंडरग्राउंड करने के दौरान फुटपाथ को हुए नुकसान की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि पहले सड़क किनारे सुंदर फुटपाथ बनाया गया था, लेकिन बाद में यूपीसीएल द्वारा अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाने के लिए उसे खोद दिया गया। काम पूरा होने के बाद सही तरीके से मिट्टी का भरान नहीं किया गया, जिससे फुटपाथ की टाइल्स धंस गईं और लोगों को आवागमन में परेशानी होने लगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री को सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करनी थी, लेकिन उन्होंने बैठक से पहले ही सीधे जाखन पहुंचकर शिकायत की जांच करने का निर्णय लिया। मौके पर पहुंचकर उन्होंने न केवल स्थिति का निरीक्षण किया, बल्कि शिकायतकर्ता विवेक मदान को साथ लेकर अधिकारियों को वीडियो कॉल के जरिए वास्तविक स्थिति भी दिखाई। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि एक ही कार्य बार-बार न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि अंडरग्राउंड किए जाने के बावजूद कई स्थानों पर बिजली की लाइनें ऊपर दिखाई दे रही हैं, जो आम जनता के लिए खतरा बन सकती हैं। मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट कहा कि बिना उचित योजना के किए गए कार्य न केवल जनता को परेशान करते हैं, बल्कि सरकारी धन की भी बर्बादी करते हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में इस तरह की शिकायतों की जांच के लिए अभियान चलाया जाए और जहां भी ऐसी समस्याएं सामने आएं, उनका तत्काल समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और भरोसा दिलाया कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे आगे भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह के औचक निरीक्षण करते रहेंगे, ताकि योजनाओं का लाभ सही तरीके से जनता तक पहुंचे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *