Home / Uttarakhand / चारधाम यात्रा से पहले बड़ा कदम: सड़क सुरक्षा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाएगा परिवहन विभाग

चारधाम यात्रा से पहले बड़ा कदम: सड़क सुरक्षा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाएगा परिवहन विभाग

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए परिवहन विभाग ने एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। सड़क सुरक्षा में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। डॉ. अनीता चमोला ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवहन मंत्री के निर्देशानुसार विभाग की महिला अधिकारियों, कर्मचारियों और परिवहन क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं के लिए देहरादून में एक विशेष ‘इंटरैक्शन प्रोग्राम’ आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलेगा, जिसका शुभारंभ स्वयं परिवहन मंत्री करेंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति महिलाओं की भूमिका को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में देहरादून समेत अन्य जनपदों की महिलाएं भाग लेंगी और अपने अनुभव साझा करेंगी। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए प्रभावी रणनीतियों पर भी चर्चा की जाएगी। आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि परिवहन विभाग की महिला कार्मिक न केवल प्रशासनिक कार्यों को दक्षता से संभाल रही हैं, बल्कि प्रवर्तन के क्षेत्र में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाएगी। परिवहन विभाग का मानना है कि इस पहल से न केव महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यात्रा मार्गों पर सुरक्षा मानकों के पालन में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *