देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में खेल और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला, जहां उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन द्वारा विश्व टेबल टेनिस दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया। यह आयोजन UTT 87वीं अंतर-राज्यीय जूनियर एवं यूथ राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप के समापन समारोह के अवसर पर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला द्वारा केक काटकर की गई। इस दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर उपस्थित खिलाड़ियों और अधिकारियों ने टेबल टेनिस के प्रति अपने अनुभव साझा किए और खेल के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में एम. पी. सिंह, राजू दुग्गल, यतिन टिपनिस, जे. के. सिन्हा, अरुण बनर्जी, चेतन गुरंग, प्रिंस विपोन तथा के. के. शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

आयोजन के दौरान खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया और भविष्य में खेल को और बढ़ावा देने की दिशा में सकारात्मक संदेश दिया गया। यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक रहा, बल्कि युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी माध्यम बना।







