Home / Uttarakhand / टिहरी में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी मैक्स, 8 लोगों की मौत

टिहरी में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी मैक्स, 8 लोगों की मौत

उत्तराखण्ड के टिहरी गढ़वाल जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। थाना चंबा क्षेत्र के अंतर्गत चंबा-कोटी कॉलोनी रोड पर नैल के पास एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए घटनास्थल की ओर दौड़े। प्रारंभिक जानकारी में कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही थी, जिसे बाद में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने पुष्टि करते हुए बताया कि इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं दो घायलों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया है।
घायलों में एक की पहचान उत्तम कुमार (लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसे हल्की चोटें आई हैं। दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। जानकारी के अनुसार, वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था। वाहन में सवार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जो हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और ट्रैफिक नियमों के पालन की जरूरत को उजागर करते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर सतर्कता बरतें और सुरक्षित ड्राइविंग करें।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *