Home / Uttarakhand / देहरादून में 26 मई को रोजगार मेला, 132 पदों पर होगी भर्ती; 10वीं से MBA तक युवाओं को मौका

देहरादून में 26 मई को रोजगार मेला, 132 पदों पर होगी भर्ती; 10वीं से MBA तक युवाओं को मौका



देहरादून: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा 26 मई को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला कांवेंट रोड स्थित सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित होगा, जहां विभिन्न निजी कंपनियां युवाओं को नौकरी का अवसर देंगी।

सेवायोजन कार्यालय की ओर से मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रोजगार मेले को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस मेले में कई प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी और विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित करेंगी।

जानकारी के अनुसार रोजगार मेले में टीम लीज, आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स लिमिटेड और कैप (108) जैसी कंपनियां शामिल होंगी। कंपनियां इंजीनियर, वायरमैन, सेल्स एंड सर्विस, मैनेजमेंट ट्रेनी, सेल्स एग्जीक्यूटिव, एमटी, पायलट और डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम ऑफिसर सहित कई पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। कुल 132 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, बीबीए, एमबीए, बीफार्म, एएनएम और जीएनएम पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 13,550 रुपये से लेकर 25,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।

सेवायोजन विभाग के अनुसार रोजगार मेले के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 20 मई से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र, उनकी छायाप्रति, सेवायोजन पंजीयन कार्ड और वैध पहचान पत्र लेकर पहुंचना अनिवार्य होगा।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि रोजगार मेले में शामिल होने वाली कंपनियों और रिक्त पदों की संख्या में आवश्यकता अनुसार बदलाव किया जा सकता है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *