Home / Uttarakhand / 2027 मिशन में जुटी बीजेपी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सांसद-विधायकों को दिए जीत के मंत्र

2027 मिशन में जुटी बीजेपी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सांसद-विधायकों को दिए जीत के मंत्र

देहरादून : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे का आज दूसरा दिन रहा। सुबह से ही बैठकों का दौर जारी रहा, जिसमें संगठन और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण चर्चाएं की गईं। राष्ट्रीय अध्यक्ष की पहली बैठक प्रदेश के सांसदों और विधायकों के साथ हुई, जिसमें आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी नेताओं को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधायकों और सांसदों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा भी की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र से 100 बुद्धिजीवी लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि पार्टी समाज के विभिन्न वर्गों तक अपनी पकड़ मजबूत कर सके।

इसके साथ ही जिन विधानसभा सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था, उन सीटों पर सांसदों को विशेष फोकस करने को कहा गया है। बैठक में बूथ मैनेजमेंट को सबसे अहम बताते हुए प्रत्येक बूथ को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी सांसदों और विधायकों से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों को गांवों में प्रवास करने और जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के लिए भी कहा गया।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि पिछले 10 वर्षों में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों तथा विधायकों के क्षेत्रीय कार्यों को लेकर एक विस्तृत बुकलेट तैयार की जाए, ताकि जनता तक सरकार की उपलब्धियां प्रभावी तरीके से पहुंचाई जा सकें।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में किए गए कार्यों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया। भाजपा संगठन अब 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *