Home / Uttarakhand / आईटीआई में बढ़ेंगी सुविधाएं और छात्र संख्या, 168 प्रशिक्षकों की होगी तैनाती : सौरभ बहुगुणा

आईटीआई में बढ़ेंगी सुविधाएं और छात्र संख्या, 168 प्रशिक्षकों की होगी तैनाती : सौरभ बहुगुणा

देहरादून : उत्तराखंड के कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री  ने विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर प्रदेश में संचालित आईटीआई संस्थानों की स्थिति और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में छात्र संख्या बढ़ाने, प्रशिक्षण सुविधाओं को मजबूत करने और युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान मंत्री सौरभ बहुगुणा ने आगामी भर्ती सत्र को ध्यान में रखते हुए विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं तक कौशल विकास योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए ताकि छात्र प्रशिक्षण प्राप्त कर दक्ष बन सकें और रोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकें।

मंत्री ने बताया कि देहरादून के निरंजनपुर, श्रीनगर और अल्मोड़ा स्थित आईटीआई में टीवीएस कम्पनी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन किया जाएगा। इन सेंटरों के माध्यम से छात्रों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण और उद्योग आधारित शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके साथ ही मंत्री सौरभ बहुगुणा ने जानकारी दी कि प्रदेश के 32 आईटीआई वर्तमान में डीएसटी मॉडल के तहत संचालित किए जा रहे हैं, जहां छात्र छह माह संस्थान और छह माह कम्पनी में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। अब इस मॉडल का विस्तार करते हुए ऐसे आईटीआई की संख्या 45 तक बढ़ाई जाएगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रदेश में कौशल विकास और सेवायोजन विभाग के तहत 168 नए आईटीआई प्रशिक्षकों की तैनाती की जाएगी। इससे प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा तथा छात्रों को बेहतर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध होगी।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाए ताकि वे रोजगार के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धी बन सकें।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *