देहरादून।
मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ विजन को साकार करने की दिशा में देहरादून पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थाना राजपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कोबरा गैंग से जुड़े दो विदेशी नागरिकों समेत तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 20.92 ग्राम कोकीन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पहली कार्रवाई में राजपुर पुलिस ने जोहड़ी रोड क्षेत्र से स्कूटी सवार दो विदेशी नागरिकों, सूडान निवासी माइकल इक्का मेक्शन और लेविकीरी वानिकी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 9.15 ग्राम कोकीन बरामद हुई।
वहीं दूसरी कार्रवाई में सीआईएसएफ तिराहा, ओल्ड मसूरी रोड क्षेत्र में एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान वाहन चालक जावेद आलम के कब्जे से 11.77 ग्राम कोकीन बरामद हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली से कोकीन लाकर देहरादून में हाई प्रोफाइल पार्टियों और युवाओं के बीच इसकी सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। जांच में यह भी पता चला कि कोबरा गैंग से जुड़े विदेशी सदस्य समय-समय पर सूडान से देहरादून आते-जाते रहते थे और नशे के कारोबार को संचालित करते थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इससे पहले भी राजपुर पुलिस कोबरा गैंग के 13 पैडलरों समेत कई नशा तस्करों को लगभग ढाई करोड़ रुपये मूल्य की 200 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर एसएसपी देहरादून ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
एसएसपी ने बताया कि वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में दून पुलिस द्वारा करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए जा चुके हैं तथा 145 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








