देहरादून।
दिल्ली में भाजपा की हालिया बैठक को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह पार्टी की एक नियमित संगठनात्मक बैठक थी, जिसमें केंद्रीय नेतृत्व द्वारा उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर अभी से पूरी गंभीरता के साथ तैयारी कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का उत्तराखंड दौरा हुआ था। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों और विधायकों की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जिम्मेदारियां तय की गई हैं, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयोजित बैठक में भी संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों और नेताओं को आगामी रणनीति पर चर्चा के लिए बुलाया गया था। बैठक में आगामी चुनावों को लेकर संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान तथा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और सरकार के विकास कार्यों के आधार पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर बड़े अंतर से जीत हासिल करेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य प्रदेश के विकास और जनकल्याण के एजेंडे को आगे बढ़ाना है तथा इसी उद्देश्य के साथ संगठन और सरकार मिलकर कार्य कर रहे हैं।








