NEET परीक्षा लीक के विरोध में देहरादून में NSUI का उग्र प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
देहरादून। देशभर में NEET परीक्षा लीक मामले को लेकर छात्रों और युवाओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में राजधानी देहरादून में सोमवार को NSUI ने राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाकड़ के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में NSUI कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारी कांग्रेस मुख्यालय से सचिवालय कूच के लिए निकले। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें छोड़ीं। इसके बावजूद कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाते रहे।
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाकड़ ने कहा कि NEET परीक्षा लीक ने देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को भंग करने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि लगातार सामने आ रही परीक्षा संबंधी अनियमितताओं ने एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रदर्शन में शामिल पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। प्रीतम सिंह ने कहा कि देशभर में छात्र और युवा सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज को अनसुना कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में हालात नियंत्रण में रहे। NSUI और कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।








