Home / Uttarakhand / केदारनाथ यात्रा और मानसून तैयारियों पर गणेश जोशी सख्त, अधिकारियों को दिए निर्देश

केदारनाथ यात्रा और मानसून तैयारियों पर गणेश जोशी सख्त, अधिकारियों को दिए निर्देश

रुद्रप्रयाग। कृषि एवं जनपद रुद्रप्रयाग प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं तथा आगामी मानसून सीजन को देखते हुए आपदा प्रबंधन तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने यात्रा संचालन, श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा संभावित चुनौतियों और उनके समाधान से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।

प्रभारी मंत्री ने यात्रा मार्ग पर स्थापित शौचालयों, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, सोलर एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, शटल सेवा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

गणेश जोशी ने विशेष रूप से यात्रा मार्ग पर शौचालयों की नियमित सफाई और स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने पर्याप्त संख्या में सफाई कार्मिकों की तैनाती, सफाई सामग्री की उपलब्धता तथा जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेटों के माध्यम से नियमित और आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा।

बैठक में मंत्री ने स्थानीय समुदाय की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जनसहयोग से यात्रा संचालन को और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं सुगम बनाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों से स्थानीय लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मानसून सीजन के दौरान संभावित आपदाओं को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन, उपकरण, मानवबल और वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *