Home / Uttarakhand / पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार, हाईकोर्ट से राहत के बाद डालनवाला पुलिस ने किया एक्शन

पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार, हाईकोर्ट से राहत के बाद डालनवाला पुलिस ने किया एक्शन

देहरादून। पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर को डालनवाला पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हरिद्वार जिले के बुग्गावाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी उस मुकदमे में की गई है, जो अंकिता भंडारी हत्याकांड के संदर्भ में भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम पर की गई कथित टिप्पणी को लेकर दर्ज हुआ था।

जानकारी के अनुसार, अंकिता भंडारी हत्याकांड के बाद सुरेश राठौर द्वारा भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम को लेकर दिए गए बयान पर विवाद खड़ा हो गया था। इस मामले में दुष्यंत गौतम की शिकायत के आधार पर थाना डालनवाला में मुकदमा दर्ज किया गया था। तभी से पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी।

गौरतलब है कि हाल ही में हाईकोर्ट ने सुरेश राठौर को राहत देते हुए उनके खिलाफ दर्ज चार मामलों में से दो मुकदमे रद्द कर दिए थे। हालांकि शेष दो मामलों में अदालत ने हस्तक्षेप नहीं किया था और जांच जारी रखने की अनुमति दी थी। इन्हीं में से एक मामले में अब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है।

थाना डालनवाला प्रभारी संतोष कुंवर ने बताया कि सुरेश राठौर से पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। अदालत के निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राजनीतिक दृष्टि से भी यह मामला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अंकिता भंडारी हत्याकांड के बाद भाजपा के भीतर उठे विवादों के बीच एक पूर्व विधायक की गिरफ्तारी ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। मामले पर सभी की निगाहें अब आगामी कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *