प्रशासन हाई अलर्ट पर, चारधाम यात्रा मार्गों सहित संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता के निर्देश
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के लिए 9 और 10 जुलाई को भारी से अत्यंत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया है। लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी किए हैं।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जिलों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 जुलाई को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा, जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़कें अवरुद्ध होने, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। चारधाम यात्रा मार्गों पर भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि लगातार बारिश से यात्रा प्रभावित हो सकती है।
प्रशासन को दिए गए निर्देश
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने, बंद सड़कों को शीघ्र खोलने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला सूचना अधिकारियों को भी मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है ताकि समय रहते लोग सतर्क हो सकें।
स्कूलों और यात्रा को लेकर सावधानी
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए कई जिलों में एहतियात के तौर पर स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले यात्री मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करें और नदी-नालों के किनारे जाने से बचें।
लोगों के लिए एडवाइजरी
- अनावश्यक यात्रा से बचें।
- पहाड़ी मार्गों पर वाहन सावधानी से चलाएं।
- नदी, नालों और गधेरों के पास जाने से बचें।
- मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
- किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत संपर्क करें।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे उत्तराखंड के लिए संवेदनशील रहेंगे। ऐसे में नागरिकों और यात्रियों से सतर्क रहने तथा केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की गई है।








