Home / Uttarakhand / मुख्यमंत्री धामी ने 11 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी, स्वच्छ और आधुनिक परिवहन व्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री धामी ने 11 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी, स्वच्छ और आधुनिक परिवहन व्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून | रिपोर्ट: राजेश पुरी

उत्तराखंड में स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उत्तराखण्ड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन से 11 नई इलेक्ट्रिक (EV) बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पात्र वाहन स्वामियों को अनुदान एवं प्रोत्साहन राशि भी वितरित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को स्वच्छ, हरित और आधुनिक परिवहन प्रणाली से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे प्रदूषण कम होगा और लोगों को बेहतर एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा का अनुभव मिलेगा। साथ ही सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने वाले छह पात्र लाभार्थियों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग के लिए लगातार प्रेरित कर रही है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रहा है। सरकार का उद्देश्य ऐसा विकास मॉडल तैयार करना है, जिसमें इकोलॉजी (पर्यावरण) और इकोनॉमी (अर्थव्यवस्था) दोनों समान रूप से मजबूत हों। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन न केवल कार्बन उत्सर्जन को कम करेगा, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए भी स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करेगा।

राज्य सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग से उत्तराखंड देश के उन अग्रणी राज्यों में शामिल होगा, जहां हरित परिवहन व्यवस्था को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। आने वाले समय में भी सरकार स्वच्छ गतिशीलता को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसी योजनाओं का विस्तार करती रहेगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *