Home / Uttarakhand / खड़गे की सभा के बाद मंच शुद्धिकरण पर बवाल, 7 सितंबर को CM आवास घेरेगी कांग्रेस

खड़गे की सभा के बाद मंच शुद्धिकरण पर बवाल, 7 सितंबर को CM आवास घेरेगी कांग्रेस

देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में हुई जनसभा के बाद मंच के शुद्धिकरण को लेकर राजनीतिक विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर सामाजिक सौहार्द और भाईचारा बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान किया है।

कांग्रेस का आरोप है कि खड़गे की सभा के बाद मंच का शुद्धिकरण किया जाना समाज में जातीय भेदभाव और असमानता की मानसिकता को दर्शाता है। पार्टी ने मांग की है कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, हल्द्वानी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने को लेकर भी कांग्रेस ने नाराजगी जताई है।

इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा रविवार को देहरादून पहुंचीं। उन्होंने परेड ग्राउंड का जायजा लिया, जहां से 7 सितंबर को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र होंगे। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर जानकारी ली।

कुमारी शैलजा ने कहा कि 7 सितंबर को देहरादून में कांग्रेस का विशाल प्रदर्शन होगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की कथित करतूतों से पूरा उत्तराखंड जाग गया है और प्रदेश का हर समुदाय अपने अधिकारों और सम्मान के लिए सजग है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सभी समुदायों के लोग लंबे समय से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ रहते आए हैं। लोग एक-दूसरे की इज्जत करते हैं, लेकिन भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इस भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को खराब करने की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने कहा कि पार्टी किसी भी स्थिति में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिशों को स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस का मुख्यमंत्री आवास घेराव इसी मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ बड़ा राजनीतिक संदेश देने की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी इस प्रदर्शन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान कर चुके हैं। कांग्रेस ने 7 सितंबर के प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *