देहरादून। देहरादून में सड़क कटिंग (रोड कटिंग) कार्यों की समीक्षा को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने की। बैठक में मंत्री ने मानकों का उल्लंघन करने वाली कार्यदायी संस्थाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जिन एजेंसियों द्वारा निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया जाएगा, उनके खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ऐसे मामलों में भारी अर्थदंड लगाकर आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) के माध्यम से वसूली सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी रोड कटिंग और निर्माण कार्यों को अप्रैल माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्माण स्थलों पर जूनियर अभियंता की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ-साथ बैरिकेडिंग, संकेतक और अन्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने पर विशेष जोर दिया। सुबोध उनियाल ने कहा कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता और जनसुरक्षा सर्वोपरि है। लापरवाही से न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि आमजन की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। उन्होंने संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और सुरक्षित कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।nबैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि शहर में चल रहे रोड कटिंग कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्य तय समयसीमा में पूर्ण हों।












