देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है। पार्टी संगठन की ओर से पूरे प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों पर विशेष प्लान तैयार किया जा रहा है, ताकि आगामी चुनाव में संगठन को और मजबूत बनाया जा सके।
सूत्रों के अनुसार भाजपा की नजर खास तौर पर दूसरे दलों के ग्रासरूट स्तर के कार्यकर्ताओं पर है। पार्टी का मानना है कि जमीनी स्तर पर सक्रिय और प्रभावी कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़कर चुनावी तैयारियों को और मजबूती दी जा सकती है। इसी रणनीति के तहत प्रदेश भर में बड़े स्तर पर सदस्यता और शामिल कराने का अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है। पार्टी ने लक्ष्य रखा है कि प्रदेश में करीब 1 लाख 50 हजार कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल कराया जाए।
संगठन से जुड़े नेताओं का कहना है कि इस अभियान के जरिए गांव, कस्बों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। माना जा रहा है कि भाजपा की यह रणनीति 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक ताकत बढ़ाने की दिशा में अहम कदम हो सकती है।











