देहरादून | रैली
प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा हल्द्वानी में 21 मार्च को एक भव्य जनसभा का आयोजन किया जा रहा है। कुमाऊं की राजधानी माने जाने वाले हल्द्वानी में होने वाले इस बड़े कार्यक्रम में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि यह जनसभा सरकार के चार वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में भारी जनसमर्थन देखने को मिला, उसी तरह का उत्साह अब हल्द्वानी और पूरे कुमाऊं क्षेत्र में देखने को मिलेगा।
उन्होंने दावा किया कि हल्द्वानी की यह जनसभा ऐतिहासिक साबित होगी और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के पक्ष में मजबूत माहौल तैयार करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने आम जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में हल्द्वानी पहुंचकर इस जनसभा को सफल बनाएं। भाजपा नेताओं का मानना है कि यह रैली न केवल सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएगी, बल्कि संगठन को नई ऊर्जा देने का काम भी करेगी।












