देहरादून | रिपोर्ट:
देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात धर्मावाला चौक पर एक युवक के साथ हुई मारपीट और हुड़दंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। रात के अंधेरे में कुछ लोगों ने युवक को घेरकर न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इस दौरान आरोपियों ने मौके पर जमकर गाली-गलौच की और अपनी कार को खतरनाक तरीके से दौड़ाकर राहगीरों की जान को भी जोखिम में डाल दिया। घटना की सूचना मिलते ही सहसपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बिना देरी किए चारों आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा होने से टल गया। पीड़ित युवक रवींद्र सिंह (पुत्र महेंद्र सिंह), निवासी शाहपुर कल्याणपुर, धर्मावाला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उसके वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। आरोपियों ने मौके से भागने के दौरान अपनी कार को तेज और लापरवाही से चलाया, जिससे वहां मौजूद लोगों की जान खतरे में पड़ गई। पीड़ित की शिकायत के आधार पर कोतवाली सहसपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 281, 324(4), 352 और 351(2) के तहत केस दर्ज किया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई कार को भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।












