Home / Uttarakhand / नाइट वॉच में दून पुलिस का एक्शन: वीआईपी बन रहे छात्रों का टूटा भ्रम”

नाइट वॉच में दून पुलिस का एक्शन: वीआईपी बन रहे छात्रों का टूटा भ्रम”

देहरादून।
राजधानी देहरादून में देर रात सड़कों पर अब सिर्फ गाड़ियों की आवाजाही ही नहीं, बल्कि पुलिस की सख्त निगरानी भी देखने को मिल रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नाइट वॉच” के तहत पुलिस ने हुड़दंगी तत्वों, नशे में वाहन चलाने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक स्तर पर कार्रवाई की है।
पुलिस द्वारा बीते दो दिनों में शहर के सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में वाहन चालकों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई।
अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 71 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 21 चार पहिया और 50 दो पहिया वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा गाड़ियों में अवैध रूप से हूटर, काले शीशे लगाने और रेस ड्राइविंग करने वाले 12 वाहनों को भी सीज किया गया।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने 98 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की। वहीं, अभियान के दौरान 2600 से अधिक वाहनों की चेकिंग की गई और 1900 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
रात्रि के समय अनावश्यक रूप से घूम रहे 288 व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जबकि 156 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर सत्यापन किया गया। इसके अतिरिक्त 99 व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर कुल 49,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान विशेष रूप से उन युवाओं पर नकेल कसने के लिए चलाया गया है, जो रात के समय नियमों को दरकिनार कर सड़क पर हुड़दंग मचाते हैं या खुद को प्रभावशाली दिखाने की कोशिश करते हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी व्यक्ति को नियमों से ऊपर नहीं माना जाएगा। भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *