हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर ऑल इंडिया स्मॉल न्यूज पेपर्स एसोसिएशन (आईसना) के तत्वावधान में देहरादून में भव्य पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया। दो वरिष्ठ पत्रकारों को ‘पत्रकार रत्न’ उपाधि से विभूषित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के श्री महंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज रहे। उन्होंने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि निष्पक्ष और सकारात्मक पत्रकारिता समाज को जोड़ने का कार्य करती है।
समारोह में हरिद्वार से प्रकाशित साप्ताहिक ‘लोकार्थ’ के संपादक स्वर्गीय शोभानाथ जी के सुपुत्र ललितेंद्र नाथ तथा ‘मुक्तिमोद’ के संपादक गुलशन नैय्यर को पत्रकार रत्न सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान स्वरूप अभिनंदन पत्र, चुनरी, रुद्राक्ष माला एवं पटका भेंट किया गया।

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर मिला यह सम्मान हर पत्रकार के संघर्ष और समर्पण को सलाम है।
आईसना की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षा शशि शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज के डिजिटल दौर में फेक न्यूज और TRP की होड़ के बीच पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने पत्रकारों से निर्भीक होकर सवाल पूछते रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठन पदाधिकारियों ने सहभागिता की। अंत में पत्रकार हितों की रक्षा और हिंदी पत्रकारिता के उत्थान के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।










