Home / Uttarakhand / उत्तराखंड को बड़ा झटका: दिग्गज निशानेबाज जसपाल राणा का निधन

उत्तराखंड को बड़ा झटका: दिग्गज निशानेबाज जसपाल राणा का निधन

दुखद खबर: दिग्गज निशानेबाज और कोच जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में निधन, खेल जगत में शोक की लहर

देहरादून। उत्तराखंड और देश के खेल जगत के लिए बेहद दुखद समाचार सामने आया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाले प्रसिद्ध निशानेबाज और राष्ट्रीय शूटिंग कोच जसपाल राणा का दिल्ली के मैक्स अस्पताल में आकस्मिक निधन हो गया। वह मात्र 49 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से खेल जगत, उत्तराखंड और उनके लाखों प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, जसपाल राणा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और दिल्ली के मैक्स अस्पताल में उपचाराधीन थे। हाल ही में उनके हृदय की धमनियों में ब्लॉकेज को दूर करने के लिए स्टेंट सर्जरी की गई थी। सर्जरी के बाद उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा था और वह तेजी से स्वस्थ हो रहे थे, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने से उनका निधन हो गया।

मनु भाकर के गुरु थे जसपाल राणा

जसपाल राणा देश के सबसे सफल शूटिंग कोचों में गिने जाते थे। वर्ष 2012 से उन्होंने कोचिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई और अनेक युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया। वह डबल ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर के कोच भी रहे। उनकी कोचिंग और मार्गदर्शन में मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी।

फरवरी 2025 से वह भारतीय शूटिंग टीम के 25 मीटर पिस्टल इवेंट के हाई परफॉर्मेंस कोच के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी तकनीकी समझ, अनुशासन और खिलाड़ियों को तैयार करने की क्षमता के कारण उन्हें देश के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षकों में शुमार किया जाता था।

उत्तराखंड की शान थे जसपाल राणा

उत्तराखंड के जौनपुर क्षेत्र से संबंध रखने वाले जसपाल राणा ने अपनी अचूक निशानेबाजी और शानदार उपलब्धियों से न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश का नाम विश्व मंच पर रोशन किया। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनकी उपलब्धियों और व्यक्तित्व पर लोकभाषा में गीत तक रचे गए।

उन्होंने अपने खेल जीवन में अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत को गौरवान्वित किया। युवा खिलाड़ियों के लिए वह प्रेरणा के स्रोत थे और उत्तराखंड के खेल इतिहास में उनका नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा।

खेल जगत में शोक

जसपाल राणा के निधन पर खेल मंत्रालय, उत्तराखंड सरकार, मुख्यमंत्री, खेल संगठनों तथा देश के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर भी उनके प्रशंसक और खिलाड़ी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

जसपाल राणा का इस तरह अचानक चले जाना भारतीय खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी उपलब्धियां, उनका संघर्ष और खेलों के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *