Home / Uttarakhand / चारधाम यात्रा की सुरक्षा और सुविधा का प्रहरी बना कंट्रोल सेंटर, 24 घंटे रखी जा रही निगरानी

चारधाम यात्रा की सुरक्षा और सुविधा का प्रहरी बना कंट्रोल सेंटर, 24 घंटे रखी जा रही निगरानी

देहरादून।

चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) का अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर चौबीसों घंटे सक्रिय भूमिका निभा रहा है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल सेंटर लगातार निगरानी कर रहा है।

चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। वहीं, 36 लाख से ज्यादा यात्री पांचों धामों के दर्शन कर अपनी यात्रा पूरी कर चुके हैं।

गढ़ीकैंट स्थित आधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में 35 से अधिक कर्मचारी चार अलग-अलग शिफ्टों में कार्यरत हैं। ये कर्मचारी यात्रा मार्गों, यातायात व्यवस्था, मौसम की स्थिति और श्रद्धालुओं की समस्याओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। केंद्र द्वारा अब तक 45 हजार से अधिक शिकायतों, सुझावों और पूछताछ का सफल समाधान किया जा चुका है।

यात्रियों को हेलीकॉप्टर सेवा, यात्रा पंजीकरण, वाहन पंजीकरण और अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित निस्तारण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा मौसम विभाग के पूर्वानुमान और महत्वपूर्ण सूचनाएं व्हाट्सएप के माध्यम से भी यात्रियों तक पहुंचाई जा रही हैं, ताकि वे अपनी यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बना सकें।

अधिकारियों के अनुसार मानसून सीजन के दौरान यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। किसी भी आपदा या खराब मौसम की स्थिति में यात्रियों को समय रहते अलर्ट और आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए कंट्रोल सेंटर पूरी तरह तैयार है। चारधाम यात्रा के सफल संचालन में यह केंद्र एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहा है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *