Home / Uttarakhand / चारधाम यात्रा से पहले RTO की अनोखी पहल: सड़क सुरक्षा में महिलाओं की बढ़ेगी भागीदारी

चारधाम यात्रा से पहले RTO की अनोखी पहल: सड़क सुरक्षा में महिलाओं की बढ़ेगी भागीदारी

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित बनाने के लिए परिवहन विभाग ने एक अभिनव पहल की शुरुआत की है। सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। डॉ. अनीता चमोला ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवहन मंत्री के निर्देशानुसार विभाग की महिला अधिकारियों, कर्मचारियों और परिवहन क्षेत्र से जुड़ी अन्य महिलाओं के लिए देहरादून में एक विशेष ‘इंटरैक्शन प्रोग्राम’ आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलेगा, जिसका शुभारंभ स्वयं परिवहन मंत्री करेंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति महिलाओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में देहरादून समेत अन्य जनपदों से आई महिलाएं अपने अनुभव साझा करेंगी और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की रणनीति पर चर्चा करेंगी। आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि विभाग की महिला कार्मिक न केवल प्रशासनिक कार्यों को दक्षता से निभा रही हैं, बल्कि प्रवर्तन (Enforcement) के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद प्रभावी साबित हो सकती है। परिवहन विभाग का मानना है कि इस पहल से न केवल महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी, बल्कि यात्रा मार्गों पर सड़क सुरक्षा मानकों के अनुपालन में भी सुधार होगा


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *