देहरादून। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि के अवसर पर देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज भी पहुंचे। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अटल जी का जीवन, उनका व्यक्तित्व और राष्ट्र सेवा के प्रति उनका समर्पण आज भी देशवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
सतपाल महाराज ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने भारतीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी सरलता, दूरदर्शिता, राष्ट्र के प्रति समर्पण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता आज भी लोगों को प्रेरित करती है।
वहीं, भाजपा कार्यालय सचिव जगमोहन रावत ने कहा कि देश के विकास के साथ-साथ उत्तराखंड राज्य के निर्माण में भी अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचार और उनके द्वारा किए गए कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अटल जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।








