देहरादून : राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आज प्रेसिडेंट कप 2026 सीजन-1 का भव्य शुभारंभ किया गया। 29 मई से 07 जून 2026 तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता की विजेता टीम को ₹1,00,000 का नगद पुरस्कार जबकि रनर-अप टीम को ₹50,000 का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट भी वितरित की जाएंगी।
कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला, भाजपा प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, सचिवालय संघ अध्यक्ष दीपक जोशी, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली और भाजपा महानगर उपाध्यक्ष ओम कक्कड़ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजन समिति के संयोजक अंशुल चावला ने बताया कि प्रेसिडेंट कप 2026 का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़ा मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और दर्शकों के उत्साह ने आयोजन को और भी खास बना दिया है तथा भविष्य में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करती हैं और सरकार लगातार खेलों को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है।
राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला ने कहा कि उत्तराखंड के युवा खेलों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं और इस प्रकार के आयोजन उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। वहीं भाजपा प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि व्यक्तित्व विकास का माध्यम भी हैं। सचिवालय संघ अध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा कि प्रेसिडेंट कप युवाओं के लिए एक बड़ा मंच साबित होगा और राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करेगा।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली ने कहा कि उत्तराखंड के युवा हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं और खेल प्रतियोगिताएं उनकी प्रतिभा को नई दिशा देने का काम करती हैं। भाजपा महानगर उपाध्यक्ष ओम कक्कड़ ने कहा कि खेल समाज में भाईचारे और सौहार्द की भावना को मजबूत करते हैं।
उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सोनू बाली, कनू, शंकर रावत, तरुण जैन, राहुल पंवार, गौरव सिंह, आदर्श, अंशुल, मुकेश, हर्ष, संगा, हनी सहित कई लोग मौजूद रहे।








