देहरादून। राजधानी देहरादून में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शहर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों और जगह-जगह लग रहे कूड़े के ढेर को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
शहर में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था को लेकर किए गए निरीक्षण में लगभग 800 स्ट्रीट लाइटें बंद यानी नॉन-फंक्शनल पाई गई हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी खराब लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने स्पष्ट किया कि शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त रोशनी होना बेहद जरूरी है। खासकर रात के समय आम नागरिकों, महिलाओं और राहगीरों की सुरक्षा के लिहाज से स्ट्रीट लाइटों का सुचारु रहना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
100 वार्डों में 50 अधिकारी कर रहे निगरानी
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत देहरादून के 100 वार्डों में 50 अधिकारी लगातार स्वच्छता, कूड़ा निस्तारण और अन्य बुनियादी सुविधाओं का सर्वेक्षण कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जहां भी अवैध डंपिंग साइट और कूड़े के ढेर पाए जा रहे हैं, वहां तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य शहर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों की जवाबदेही
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत से लेकर सफाई व्यवस्था तक सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि समस्याओं का केवल सर्वेक्षण ही न किया जाए, बल्कि उनका समयबद्ध तरीके से समाधान भी सुनिश्चित किया जाए।
अब देखना होगा कि प्रशासन के इन सख्त निर्देशों के बाद राजधानी की बंद स्ट्रीट लाइटें कितनी जल्दी ठीक होती हैं और शहर की सफाई व्यवस्था में कितना सुधार देखने को मिलता है।








