देहरादून: रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) ने सोमवार को देहरादून प्रेस क्लब में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित कर प्रदेश की राजनीति और जनहित से जुड़े कई बड़े मुद्दों को उठाया। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय कुमार ने मीडिया को संबोधित करते हुए पार्टी की नीतियों, सामाजिक सरोकारों और आगामी चुनावी रणनीति की जानकारी दी।
प्रेस वार्ता के दौरान विजय कुमार ने कहा कि पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की विचारधारा पर काम कर रही है और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने विशेष रूप से देहरादून की बिंदाल और रिस्पना नदी किनारे बसे बस्तीवासियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार द्वारा एलिवेटेड रोड निर्माण के नाम पर जिन लोगों के मकान और झोपड़ियां प्रभावित हो रही हैं, उन्हें उचित पुनर्वास और आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से दो कमरों का सेट उपलब्ध कराया जाए और जिनके मकान या झोपड़ियां टूट रही हैं उन्हें 25 लाख रुपये तक का मुआवजा दिया जाए। पार्टी ने कहा कि गरीब और विस्थापित परिवारों की अनदेखी किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी।
महिलाओं के अधिकारों पर बोलते हुए विजय कुमार ने कहा कि महिलाओं को सामाजिक और राजनीतिक रूप से मजबूत बनाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने संसद और राज्य विधानसभा की सीटों पर 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने की मांग को खुलकर समर्थन दिया। पार्टी ने महिला सशक्तिकरण को अपने मुख्य एजेंडे में शामिल बताया।
इसके साथ ही रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। पार्टी ने घोषणा की कि उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों में से करीब 35 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे जाएंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से सटे कुछ जिलों, जिनमें बिजनौर और सहारनपुर की सीटें शामिल हैं, वहां भी चुनाव लड़ने की तैयारी की जा रही है।
प्रेस वार्ता में ब्रह्म दत्त शर्मा, मनोज बघवाल, अरुण बहुगुणा, सोनी देवी, जय कुमार और प्रवेश कुमार सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







