देहरादून। राजधानी देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अभद्र भाषा के प्रयोग का मामला सामने आया है। इस मामले में हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान गायक द्वारा सार्वजनिक मंच से आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल को लेकर छात्रों में नाराजगी देखने को मिली। इसके बाद एक छात्र प्रतिनिधि ने कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी देहरादून प्रमोद कुमार ने बताया कि सार्वजनिक मंच पर अभद्र भाषा के प्रयोग से वहां मौजूद छात्र-छात्राओं और आम लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस घटना के बाद कॉलेज परिसर और छात्रों के बीच इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वहीं, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक आयोजनों में अनुशासन और मर्यादा का पालन अनिवार्य है।










