Home / Uttarakhand / भव्य आस्था का शुभारंभ: श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुले, “हर-हर महादेव” से गूंजा पूरा धाम

भव्य आस्था का शुभारंभ: श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुले, “हर-हर महादेव” से गूंजा पूरा धाम

देहरादून/रुद्रप्रयाग:
श्रद्धा, आस्था और दिव्यता की अद्भुत त्रिवेणी के बीच ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज बुधवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में जैसे ही कपाट खुले, पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के उद्घोष से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया। इस पावन अवसर पर पहली पूजा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न हुई, जो बाबा केदारनाथ के अनन्य भक्त माने जाते हैं।
कपाट उद्घाटन के इस दिव्य क्षण के साक्षी प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी बने। उन्होंने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। सिख रेजीमेंट के बैंड की मधुर भक्तिमय धुनों ने इस    अलौकिक अवसर को और भी भावपूर्ण बना दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केदारनाथ धाम न केवल सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का केंद्र है, बल्कि यह भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।  भव्य सजावट और पुष्पवर्षा से अभिभूत हुए श्रद्धालु. कपाट खुलने के अवसर पर श्री केदारनाथ मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। जैसे ही कपाट खुले, हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे पूरा धाम फूलों की खुशबू और भक्ति में सराबोर हो गया। भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ से गुप्तकाशी, फाटा और गौरीकुंड होते हुए एक दिन पूर्व ही धाम पहुंच चुकी थी। प्रातः 5 बजे से शुरू हुई पूजा प्रक्रिया के बाद ठीक 8 बजे श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोल दिए गए।
मुख्यमंत्री की अपील
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उत्तराखंडवासियों से सेवा और आतिथ्य की भावना बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम का भव्य पुनर्निर्माण हुआ, जो आज विश्वभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। ये रहे मौजूद कपाट उद्घाटन के अवसर पर गीता धामी, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, डीएम विशाल मिश्रा, एसपी नीहारिका तोमर सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, तीर्थ पुरोहित एवं हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *