देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर उत्तराखंड में सियासत लगातार गरमा रही है। मामले में अब भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। इसी क्रम में सोमवार को देहरादून में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया।
राहुल गांधी पर भ्रामक नैरेटिव फैलाने का आरोप
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से देहरादून के लैंसडाउन चौक पर किए गए प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने किया। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका। भाजपा नेताओं का आरोप है कि राहुल गांधी ने हल्द्वानी की घटना को लेकर उत्तराखंड के दलित समाज के संबंध में भ्रामक और तथ्यहीन नैरेटिव देश के सामने पेश किया है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की सामाजिक संस्कृति आपसी भाईचारे और सौहार्द की रही है। प्रदेश में दलित समाज के साथ किसी तरह के जातिगत भेदभाव के आरोप को लेकर राहुल गांधी द्वारा की गई बयानबाजी से उत्तराखंड की छवि प्रभावित हुई है। भाजपा ने इसे उत्तराखंड के दलित समाज का अपमान बताते हुए राहुल गांधी से अपने बयान को लेकर स्पष्टीकरण देने की मांग की।
हल्द्वानी मामले में राहुल गांधी पर दर्ज हो चुका है मुकदमा
दरअसल, हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ किए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। राहुल गांधी ने इस घटना को छुआछूत और दलित सम्मान से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद हल्द्वानी कोतवाली में राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई और पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मुकदमा दर्ज कराने वाले अमित कुमार श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास से जुड़े बताए जा रहे हैं। रिपोर्टों के अनुसार, इसी संगठन से जुड़े लोगों ने रामलीला मैदान में शुद्धिकरण यज्ञ किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी की बयानबाजी से अनुसूचित जाति समाज की भावनाएं और शिकायतकर्ता की प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।
कांग्रेस ने भी किया पलटवार
वहीं, कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस का कहना है कि हल्द्वानी में हुए कथित शुद्धिकरण के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से लड़ाई जारी रखेगी। कांग्रेस ने प्रदेशभर के थानों और चौकियों में तहरीर देने तथा पुलिस मुख्यालय के स्तर पर भी कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।
कांग्रेस ने मांग की है कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लिया जाए और रामलीला मैदान में शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उत्तराखंड में बढ़ सकता है राजनीतिक टकराव
हल्द्वानी के इस विवाद ने अब भाजपा-कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव को और बढ़ा दिया है। एक ओर भाजपा राहुल गांधी की बयानबाजी को उत्तराखंड और दलित समाज का अपमान बता रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस इसे जातिगत भेदभाव के खिलाफ उठाई गई आवाज और राजनीतिक दबाव का मामला बता रही है।
आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और प्रदर्शन और तेज होने की संभावना है।








