देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत हो चुकी है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में आगामी 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे तथा गणना फॉर्म वितरित कर उन्हें भरवाएंगे।
उन्होंने बताया कि यदि कोई मतदाता पहली बार घर पर नहीं मिलता है तो BLO कुल तीन बार उसके निवास पर पहुंचकर संपर्क स्थापित करने का प्रयास करेगा। इस अभियान के तहत प्रदेश के 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं तक पहुंच बनाई जाएगी।
मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग ने ‘Book a Call with BLO’ फीचर भी शुरू किया है। मतदाता voters.eci.gov.in वेबसाइट अथवा ECI-NET मोबाइल एप के माध्यम से एक क्लिक में BLO से कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर संबंधित BLO स्वयं मतदाता से संपर्क करेगा।
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची को भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर अपलोड कर दिया गया है। मतदाता अपने नाम, पिता या पति के नाम तथा क्षेत्र के आधार पर सूची में अपना विवरण खोज सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची (Draft Roll) प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस पुनरीक्षण के लिए 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित किया गया है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ भी बैठक आयोजित की गई है। प्रदेश के 11,733 मतदान केंद्रों पर विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा 22,823 बूथ लेवल एजेंट (BLA) तैनात किए जा चुके हैं, जो इस प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।








