उत्तराखंड में चल रही पवित्र चारधाम यात्रा को लेकर भ्रामक और तथ्यहीन वीडियो फैलाने वालों पर अब सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने साफ संदेश दिया है कि आस्था से जुड़े इस महायात्रा पर दुष्प्रचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार के अनुसार चारधाम यात्रा पूरी तरह सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। यात्रियों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं, ट्रैफिक प्रबंधन, आपदा सुरक्षा और डिजिटल मॉनीटरिंग को मजबूत किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन का लाभ मिल रहा है।
इसी बीच जनपद रुद्रप्रयाग में सोशल मीडिया मॉनीटरिंग के दौरान एक भ्रामक वीडियो सामने आया, जिसमें केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को दर्शन से वंचित किए जाने का गलत दावा किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सोनप्रयाग में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। प्रशासन ने यह भी बताया कि ऐसे 4–5 और संदिग्ध वीडियो चिन्हित किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि: चारधाम यात्रा की व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू हैं। अफवाह और फेक न्यूज पर Zero Tolerance नीति लागू है। सोशल मीडिया की 24×7 निगरानी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि उत्तराखंड की आस्था, श्रद्धा और चारधाम यात्रा की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और किसी भी अपुष्ट सामग्री को शेयर करने से बचें।






