पौड़ी गढ़वाल: सतपुली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वाहन के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और शव को खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, 9 मार्च को थाना सतपुली से एसडीआरएफ पोस्ट सतपुली को सूचना मिली कि सतपुली मार्केट के ऊपर एक वाहन गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि वाहन लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ था। वाहन में सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
एसडीआरएफ टीम ने कठिन परिस्थितियों में सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाते हुए मृतक के शव को खाई से बाहर निकाला और आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया। मृतक की पहचान हरिओम (42 वर्ष) पुत्र जगदीश, निवासी पिलखुवा, जनपद हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
सतपुली के पास दर्दनाक हादसा: कार 200 मीटर गहरी खाई में गिरी, एक व्यक्ति की मौत











