देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में एक बड़ा बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। वर्षों से चली आ रही उस “परंपरा” को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तोड़ दिया है, जिसमें कार्यकाल के अंतिम वर्षों में नेतृत्व परिवर्तन लगभग तय माना जाता था।bधामी के नेतृत्व में भाजपा ने पहले मुख्यमंत्री को रिपीट कर स्थिरता का संदेश दिया और अब पांचवें वर्ष में मंत्रिमंडल विस्तार कर यह साफ कर दिया है कि सरकार “परंपरा नहीं, प्रदर्शन” के रास्ते पर चल रही है।
हालिया कैबिनेट विस्तार में भीमताल से राम सिंह कैड़ा, देहरादून के राजपुर रोड से खजान दास, रुड़की से प्रदीप बत्रा, रुद्रप्रयाग से भरत सिंह चौधरी और हरिद्वार से मदन कौशिक को मंत्री बनाया गया है। इन चेहरों के जरिए सरकार ने क्षेत्रीय संतुलन, अनुभव और संगठनात्मक पकड़ का मिश्रण साधने की कोशिश की है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह विस्तार सिर्फ प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि 2027 विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा की रणनीतिक चाल है। इससे यह संकेत भी जाता है कि पार्टी धामी के नेतृत्व में ही आगे बढ़ने का मन बना चुकी है। मुख्यमंत्री धामी को केंद्र नेतृत्व का भी लगातार समर्थन मिलता रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा संगठन के शीर्ष नेतृत्व का विश्वास धामी की राजनीतिक स्थिति को और मजबूत करता है। यही कारण है कि अब उन्हें “अस्थायी विकल्प” नहीं, बल्कि “स्थायी नेतृत्व” के रूप में देखा जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद यह भी साफ हो गया है कि भाजपा उत्तराखंड में नेतृत्व को लेकर किसी प्रयोग के मूड में नहीं है। आने वाले समय में संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल के साथ धामी सरकार अपनी विकास योजनाओं को और तेज करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।












