Home / Uttarakhand / देहरादून: “कांग्रेस में गुटबाजी नहीं”—प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिया साफ संदेश

देहरादून: “कांग्रेस में गुटबाजी नहीं”—प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिया साफ संदेश

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में पिछले कुछ दिनों से चल रही हलचल के बीच अब प्रदेश नेतृत्व का आधिकारिक बयान सामने आ गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गुटबाजी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए साफ कहा है कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और सभी नेता संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। दरअसल, हाल के दिनों में पार्टी के भीतर कई घटनाओं ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी थी। रामनगर से जुड़े नेता संजय नेगी की दिल्ली में जॉइनिंग न होना, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की नाराजगी और उपवास, तथा विधायक हरीश धामी द्वारा हरक सिंह रावत पर तीखा हमला—इन सभी घटनाओं ने कांग्रेस के अंदर खींचतान की चर्चाओं को हवा दी थी। इसके साथ ही कुछ नेताओं द्वारा सामूहिक इस्तीफे की बात भी सामने आई थी। इन तमाम घटनाओं के बाद पहली बार प्रदेश अध्यक्ष ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि पार्टी में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है। उन्होंने बताया कि सभी नेताओं से आग्रह किया गया है कि वे सार्वजनिक मंचों पर इस तरह की बयानबाजी से बचें और संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दें। गोदियाल ने आगे कहा कि कांग्रेस प्रभारी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर सभी नेता सक्रिय हैं और इसे सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि यह दौरा संगठन को नई दिशा देगा। सदस्यता अभियान को लेकर भी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस में लगातार सदस्यता चल रही है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि जो कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं, उन्हें उचित सम्मान और महत्व मिले। कुल मिलाकर, प्रदेश अध्यक्ष के बयान से यह साफ संकेत देने की कोशिश की गई है कि कांग्रेस संगठन के भीतर सब कुछ सामान्य है और पार्टी आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए खुद को तैयार कर रही है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *