देहरादून:
राजधानी देहरादून में हाल ही में हुए चर्चित गोलीकांड के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले में लापरवाही सामने आने पर कुठालगेट चौकी इंचार्ज और उप आबकारी निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए साफ कहा कि कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी घटनाओं में जिम्मेदारी तय करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जानकारी के अनुसार, गोलीकांड की घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। प्रारंभिक जांच में संबंधित अधिकारियों की लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। सीएम धामी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और सख्त निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और इसे एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि सरकार अब कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर पूरी तरह सख्त है।










