देहरादून:
राजधानी देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं को समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला प्रशासन की ओर से गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) लगातार गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रही है और गड़बड़ियों पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन के मुताबिक, कंट्रोल रूम में अब तक कुल 26 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनमें उपभोक्ताओं ने गैस आपूर्ति में देरी और अनियमितताओं की शिकायत की है। इन शिकायतों के आधार पर संबंधित एजेंसियों पर कार्रवाई भी की जा रही है।
आपूर्ति की स्थिति पर नजर डालें तो आज जिले में 24,459 घरेलू उपभोक्ताओं और 269 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए। हालांकि, अभी भी करीब 93 हजार सिलेंडरों का बैकलॉग बना हुआ है, जो प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।
अधिकारियों के अनुसार, यह बैकलॉग मुख्य रूप से सॉफ्टवेयर संबंधी समस्या के कारण उत्पन्न हुआ है, जिससे वितरण प्रक्रिया प्रभावित हुई। फिलहाल तकनीकी समस्या को तेजी से ठीक किया जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही गैस आपूर्ति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कालाबाजारी और अनियमितताओं में लिप्त पाए जाने वाले एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर तुरंत कंट्रोल रूम में जानकारी दें।










