देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर अब जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के बाद जिलेभर में गैस एजेंसियों और गोदामों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य गैस अधिकारी अजय पाल सिंह और पूर्ति लिपिक होशियार सिंह की संयुक्त टीम ने रिंग रोड क्षेत्र में छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि भारत गैस के कई डिलीवरी मैन मोटरसाइकिल और अन्य छोटे वाहनों से सिलेंडर की डिलीवरी कर रहे थे, जिनका तेल कंपनियों के साथ कोई वैध अनुबंध नहीं था। इस पर टीम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे कालाबाजारी की आशंका से जोड़कर देखा।
इसके बाद टीम ने अरविंद गैस एजेंसी और आधुनिक गैस एजेंसी के गोदामों का निरीक्षण किया, जहां भी छोटे वाहनों से गैस आपूर्ति की पुष्टि हुई। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी केवल अनुबंधित लोडर वाहनों से ही की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय मानी जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत पूरे जिले में क्यूआरटी(Quick Response Team) का गठन किया गया है, जो क्षेत्रवार गैस एजेंसियों की निगरानी कर रही है। कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं, जिन पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन के अनुसार, आज जिले में लगभग 17,959 घरेलू और 407 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई, जबकि पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध है। प्रशासन का उद्देश्य गैस वितरण को पारदर्शी बनाना और हर उपभोक्ता तक समय पर गैस पहुंचाना है।










