देहरादून। उत्तराखंड पत्रकार महासंघ द्वारा राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी प्रेक्षागृह में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 09 पत्रकारों को “पत्रकार गौरव सम्मान-2026” से सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों का यह सम्मान समारोह प्रेरणा और गौरव का प्रतीक बना।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ के केंद्रीय अध्यक्ष निशीथ सकलानी ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में अमर उजाला के स्थानीय संपादक अनूप वाजपेयी मौजूद रहे। अपने संबोधन में अनूप वाजपेयी ने कहा कि बदलते समय के साथ पत्रकारिता के स्वरूप में भी परिवर्तन हो रहा है और आधुनिक तकनीक को सकारात्मक रूप से अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार निष्पक्षता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करें तो वे अपनी विश्वसनीयता को हमेशा बनाए रख सकते हैं।
उन्होंने हिंदी भाषा के संरक्षण और संवर्धन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नई पीढ़ी में हिंदी के शुद्ध उच्चारण और लेखन को लेकर जागरूकता कम होती जा रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कई विद्यार्थी “देहरादून” और “देवभूमि” जैसे शब्दों की शुद्ध वर्तनी तक नहीं लिख पा रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय परंपरा के अनुसार मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। हंसा सांस्कृतिक समूह के कलाकारों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। महासंघ की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया।
विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व सूचना आयुक्त योगेश भट्ट ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में नए प्रयोग हो रहे हैं, लेकिन प्रतिस्पर्धा के इस दौर में पत्रकारिता का मूल स्वरूप प्रभावित होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने पत्रकारों से अपनी खबरों में निष्पक्षता और मौलिकता बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष उपेन्द्र थापली, दून इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक एवं वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. डी.एस. मान, वरिष्ठ पत्रकार अरुण शर्मा, उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, डॉ. वी.डी. शर्मा, विमल पूर्वाल, भारती सकलानी, भारत चौहान, बिशन सिंह बोरा, प्रदेश प्रभारी सुशील चमोली, प्रदेश उपाध्यक्ष बीना उपाध्याय, प्रदेश सचिव सुभाष कुमार, जिला महामंत्री कृपाल सिंह बिष्ट तथा सहारनपुर से आए भारत भूषण सहित कई वक्ताओं ने पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप और चुनौतियों पर अपने विचार रखे।

पत्रकार गौरव सम्मान-2026 से सम्मानित पत्रकार
समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में अजय राणा, बिशन सिंह बोरा, विमल पूर्वाल, सुनील नवप्रभात, सुशील चमोली, राजीव शर्मा, राजीव मैथ्यू, टीना वैश्य एवं घनश्याम जोशी शामिल रहे। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वी.डी. शर्मा तथा हल्द्वानी के वरिष्ठ पत्रकार राजेश सरकार को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में केंद्रीय अध्यक्ष निशीथ सकलानी ने सभी पत्रकारों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए मजबूत पत्रकारिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की आर्थिक एवं सामाजिक चुनौतियों को देखते हुए लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को और अधिक सशक्त बनाने की जरूरत है।

कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक गुसाईं, जिलाध्यक्ष कैलाश सेमवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव मैथ्यू, ओमी पाल, विपुल पांडे, जगमोहन मौर्य, यशराज आनंद, राजेश बहुगुणा, जितेंद्र राजौरी, राजेंद्र सिराड़ी, हेमंत शर्मा, भूपेंद्र भट्ट, धन सिंह बिष्ट, इंद्रेश्वरी ममगाई, विनोद ममगाई, शादाब त्यागी, जनक भाटिया, अरुण औसमंड, मोहेन्द्र कालरा, आशीष नेगी, चांदनी राणा, भारती रानी, शिव नारायण, सूरज चौहान, राकेश भट्ट, राकेश शर्मा और हेमेंद्र मलिक सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ पत्रकार नरेश रोहिला ने किया।








