Home / Uncategorized / देहरादून में ‘मेडाथॉन 2026’ का आयोजन, सूखती नदियों और प्लास्टिक मुक्त शहर के लिए दौड़ेंगे हजारों लोग

देहरादून में ‘मेडाथॉन 2026’ का आयोजन, सूखती नदियों और प्लास्टिक मुक्त शहर के लिए दौड़ेंगे हजारों लोग

देहरादून। पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था Making a Difference by Being the Difference (MAD) अपने 15 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘मेडाथॉन 2026’ का आयोजन करने जा रही है। यह कार्यक्रम 7 जून 2026, रविवार को सुबह 5 बजे परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित होगा।
संस्था की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस मैराथन का मुख्य विषय “देहरादून की सूखती और मरती नदियों को बचाने के लिए दौड़” रखा गया है। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, प्लास्टिक प्रदूषण और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि इस मैराथन में 4,000 से 5,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के लिए देहरादून के मेयर को भी औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया है।
मेडाथॉन को पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन में सिंगल यूज प्लास्टिक का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। स्वयंसेवक 100 प्रतिशत कपड़े के बैग का उपयोग करेंगे और प्रतिभागियों के लिए प्लास्टिक कपों की जगह री-यूजेबल स्टील के गिलास उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर अपसाइक्लिंग डेकोर तैयार किया जाएगा, जिसमें बेकार और अनुपयोगी सामग्री को रचनात्मक तरीके से सजावट में इस्तेमाल किया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि कचरे का सही उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सकता है।
संस्था का कहना है कि यदि देहरादून जैसे शहर में हजारों लोगों की भागीदारी वाला कार्यक्रम बिना प्लास्टिक के सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सकता है, तो अन्य बड़े आयोजन और उत्सव भी पर्यावरण अनुकूल तरीके से आयोजित किए जा सकते हैं।
टीम MAD ने शहरवासियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *