देहरादून: राजधानी देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शिकायतों के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने गैस एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासनिक टीम ने शहर के विभिन्न गैस गोदामों और एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टॉक, वितरण प्रणाली और रिकॉर्ड की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एलपीजी से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय किया गया है, जहां उपभोक्ताओं की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद, सॉफ्टवेयर संबंधी तकनीकी दिक्कतों के कारण गैस आपूर्ति में बैकलॉग बढ़ गया है, जो प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, हजारों उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते वितरण प्रभावित हो रहा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने घरेलू और कमर्शियल दोनों श्रेणी के गैस स्टॉक को बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही, होम डिलीवरी सिस्टम को भी दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके और उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में निरीक्षण अभियान और तेज किया जाएगा तथा दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।













