Home / Uttarakhand / नई टिहरी में नई कप्तान श्वेता चौबे की एंट्री, अपराध और नशे पर सख्त एक्शन का ऐलान

नई टिहरी में नई कप्तान श्वेता चौबे की एंट्री, अपराध और नशे पर सख्त एक्शन का ऐलान

नई टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल को नई पुलिस कप्तान मिल गई है। नव नियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्वेता चौबे ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने भद्रकाली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और जनपद में सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। इसके बाद पुलिस कार्यालय नई टिहरी पहुंचने पर उन्हें पुलिस बल द्वारा औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की, जिसमें जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने साफ किया कि उनकी पहली प्राथमिकता जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना होगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे जनता के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक रवैया अपनाएं, ताकि आम नागरिकों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।
उन्होंने कार्य प्रणाली में पारदर्शिता और तेजी लाने के लिए आधुनिक तकनीक के अधिक से अधिक उपयोग पर भी जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में चल रहे विशेष अभियानों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी ने देवभूमि को नशा मुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठाने, साइबर ठगी से बचाव के लिए जनजागरूकता बढ़ाने, तथा महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूत तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए।  इसके अलावा, आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए यात्रा मार्गों और स्थानीय यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पुलिस जनसेवा के अपने मूल उद्देश्य के साथ पूरी जिम्मेदारी से कार्य करेगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *