Home / Uttarakhand / पहली समीक्षा बैठक में एक्शन मोड में खजान दास, योजनाओं में पारदर्शिता पर जोर”

पहली समीक्षा बैठक में एक्शन मोड में खजान दास, योजनाओं में पारदर्शिता पर जोर”

देहरादून | रिपोर्ट
उत्तराखंड के समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। मंत्री पद का कार्यभार संभालने के बाद यह उनकी पहली विभागीय समीक्षा बैठक रही, जिसमें उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी और पारदर्शी तरीके से लागू किया जाए।
बैठक के दौरान मंत्री खजान दास ने कहा कि समाज कल्याण विभाग सीधे आमजनमानस से जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण विभाग है, जिसमें हर वर्ग की प्रगति निहित है। ऐसे में विभाग की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी योजनाओं की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान मंत्री ने केंद्र सरकार के विकसित भारत के लक्ष्य और राज्य सरकार के विजन को भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सपनों के उत्तराखंड को साकार करने के लिए सभी अधिकारियों को पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।
मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही मुख्यमंत्री धामी की अध्यक्षता में समाज कल्याण से जुड़े सभी विभागों की एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न योजनाओं के बेहतर समन्वय और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। इस समीक्षा बैठक को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को नई दिशा देने और उन्हें जमीन पर मजबूती से लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *