देहरादून:
दून बार एसोसिएशन द्वारा बीते 4 अप्रैल से जारी हड़ताल अब समाप्त हो गई है। वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेमचंद शर्मा और जिलाधिकारी देहरादून के बीच हुए विवाद को लेकर चल रहे इस आंदोलन पर आज बड़ा फैसला लिया गया।
दून बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेमचंद शर्मा के नेतृत्व में सचिवालय पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री खजान दास भी मौजूद रहे। बैठक में जिलाधिकारी देहरादून और वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेमचंद शर्मा के बीच चल रहे विवाद पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद दून बार एसोसिएशन ने अपनी हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया है। बार एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द ही इस विवाद का समाधान करेगी और अधिवक्ताओं के सम्मान व अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी।










